CG GST Raid : हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के ठिकानों पर स्टेट GST की रेड, भिलाई-बलौदाबाजार में एक साथ जांच
डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह से जुड़े ठिकानों पर 24 से ज्यादा अधिकारियों की कार्रवाई, 1500 से अधिक ट्रकों के कारोबार और GST रिकॉर्ड खंगाल रही टीम
CG GST Raid : दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ में स्टेट GST विभाग ने सोमवार को हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह छोटू से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की। GST अधिकारियों की टीम ने भिलाई स्थित कंपनी के ऑफिस और गोदाम के साथ-साथ बलौदाबाजार के यार्ड में भी दबिश देकर दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच शुरू की है।
24 से ज्यादा अधिकारी जांच में जुटे
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच स्टेट GST की टीम भिलाई स्थित कंपनी के ठिकानों पर पहुंची। करीब 24 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी अलग-अलग स्थानों पर जांच कर रहे हैं। टीम कंपनी के कारोबारी दस्तावेज, GST रिकॉर्ड, लेन-देन से जुड़े कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
कंपनी के पास 1500 से ज्यादा ट्रक
हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के पास 1500 से अधिक ट्रक होने की जानकारी सामने आई है। GST विभाग की टीम वाहनों के संचालन और कंपनी के कारोबार से जुड़े टैक्स रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। एक साथ कई ठिकानों पर हुई कार्रवाई के चलते कंपनी के अलग-अलग कारोबार और वित्तीय रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।
बलौदाबाजार यार्ड में भी पहुंची टीम
स्टेट GST की एक टीम ने बलौदाबाजार स्थित कंपनी के यार्ड में भी जांच शुरू की है। यहां वाहनों और कारोबार से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। फिलहाल GST विभाग ने आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि कार्रवाई किस शिकायत, जांच या कथित अनियमितता के आधार पर की गई है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई की वजह और सामने आए तथ्यों की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।