CG Crime : चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर युवक को उतारा मौत के घाट, एक हिरासत में
बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में वारदात, फदहाखार-चांदमारी बाईपास के पास मिला युवक का शव, पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
CG Crime : बिलासपुर। न्यायधानी में युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने ओम लहरे पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद शव को फदहाखार-चांदमारी बाईपास के पास फेंककर आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, मौका पाकर आरोपियों ने ओम लहरे के साथ मारपीट की और उस पर चाकू से कई वार किए। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर शव को घसीटे जाने के निशान और सड़क पर खून के धब्बे मिले हैं। पुलिस ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने के साथ ही हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।