CG Crime : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 220 पाव अवैध शराब के साथ 2 अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार
आरंग के ग्राम कुरूद में घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी, 24,600 रुपये की शराब और बिना नंबर की सुजुकी स्कूटी जब्त, आबकारी एक्ट के तहत भेजे गए जेल
CG Crime : आरंग। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरंग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम कुरूद में कार्रवाई करते हुए 220 पाव अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की सुजुकी स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त को इंटेलिजेंस टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम कुरूद की कोटवार गली के पास कुछ बाहरी व्यक्ति अवैध शराब की खेप खपाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेश साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से आरोपियों को संभलने का मौका नहीं मिला और दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
24 हजार से ज्यादा की शराब बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश कुमार कोसले, निवासी नवागांव, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार और शिव कुमार साहू, निवासी ग्राम एवं थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की कुल 220 पाव अवैध शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 24,600 रुपये बताई गई है।
जब्त शराब में 130 पाव गोल्डन गोवा अंग्रेजी शराब, 70 पाव देशी मदिरा मसाला (शोले) व 20 पाव देशी मदिरा मसाला (रोमियो) शराब के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की सुजुकी स्कूटी भी जब्त की गई है।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।