CG Crime : हेडमास्टर हत्याकांड के बाद भड़का गुस्सा, आरोपियों के घर में लगाई आग, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

जमीन विवाद में चचेरे भाइयों पर हत्या का आरोप, दोनों गिरफ्तार

Update: 2026-07-20 10:37 GMT

CG Crime : बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में हेडमास्टर की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कथित आरोपियों के घर में आग लगा दी, जिससे मकान और वहां खड़ा एक दोपहिया वाहन जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, जय करण सिंह जगते, जो शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे, सोमवार सुबह स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनके चचेरे भाई बृजमोहन जगते (26) और हरिमोहन जगते (23) ने उन्हें रोक लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि दोनों ने धारदार हथियार से हमला कर जय करण सिंह जगते की हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

इधर, हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घर को आग के हवाले कर दिया। आग की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई। सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।

Tags:    

Similar News