CG Crime News : 24 घंटे में सुलझा ब्लाइंड मर्डर, चरित्र के शक में पत्नी की गला रेतकर की हत्या, पति गिरफ्तार

Update: 2026-07-24 09:21 GMT

CG Crime News : दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चरित्र को लेकर विवाद चल रहा था, जो आखिरकार खूनी वारदात में बदल गया।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 स्थित कतियाररास गांव में एक घर से तेज दुर्गंध आने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने आंगन में एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया। शव की हालत बेहद खराब थी और उसका सिर धड़ से अलग अवस्था में मिला। मृतका की पहचान झुनकी कुंजाम (35 वर्ष) के रूप में हुई, जो आरोपी लक्ष्मण कुंजाम की दूसरी पत्नी थी।

पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने गोंदपाल क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी लक्ष्मण कुंजाम को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि 17 जुलाई की शाम उसकी पत्नी देशी शराब लेकर घर आई थी। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद चरित्र को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर रसोई से चाकू लाकर पत्नी के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक जांच के जरिए इस ब्लाइंड मर्डर केस का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया गया।

Tags:    

Similar News