CG Crime : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। तीन साल की मासूम पोती को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश का विरोध करना उसकी दादी को भारी पड़ गया। आरोप है कि गुस्से में आए पड़ोसी ने बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद से आरोपी फरार है।

मामला सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा का है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे राजकुमारी यादव अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनका पड़ोसी प्रशांत शुक्ला वहां पहुंचा और तीन साल की बच्ची को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। बच्ची की दादी ने इसका विरोध किया और उसे रोकने का प्रयास किया।

आरोप है कि विरोध से नाराज युवक ने पहले महिला के साथ गाली-गलौज की और फिर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजकुमारी यादव गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। परिजन घायल महिला को तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी प्रशांत शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags: