CG Crime : अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर गला घोंटा, पत्थर से कुचलकर ली जान, 2 आरोपी गिरफ्तार

Update: 2026-07-21 08:52 GMT

CG Crime : दुर्ग। जिले में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलगांव थाना पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर दोनों ने मिलकर महिला की गला घोंटकर और बोल्डर पत्थर से सिर व चेहरे पर वार कर हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को भगवंतीन साहू मजदूरी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जिला अस्पताल में परिजनों ने शव की पहचान भगवंतीन साहू के रूप में की। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने पर पुलगांव थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और गवाहों के बयान के आधार पर हर्ष यादव (19 वर्ष) निवासी पीसेगांव और नितेश ठाकुर (20 वर्ष) निवासी चंदखुरी पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे शराब के नशे में थे। तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई, जिसे पैसों का लालच देकर ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पास सुनसान जगह ले गए। वहां दोनों ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर पहले गमछे से उसका गला दबाया गया, फिर बोल्डर पत्थर से सिर और चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और अपने कपड़े बदलकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Tags:    

Similar News