CG Crime : सूरजपुर। शहर के महुआपारा इलाके में सोमवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान के अंदर अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव एक कमरे में खाट पर पड़ा था और आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। गले पर गहरे चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। सुबह स्थानीय लोगों को निर्माणाधीन मकान के भीतर शव पड़े होने की जानकारी मिली, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, मृतक के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने जैसे निशान मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह निर्माणाधीन मकान तक कब और किसके साथ पहुंचा था।

पुलिस आसपास के लोगों और मकान मालिक से पूछताछ कर मृतक की पहचान और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। साथ ही वारदात के पीछे विवाद, रंजिश या किसी अन्य वजह की भी जांच की जा रही है।

पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश और मृतक की पहचान करने में जुटी है।

Tags: