CG Crime : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में चोरों ने SECL कॉलोनी के एक सूने क्वार्टर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने के जेवर पार कर दिए। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बंगला नंबर D-03 में हुई इस वारदात में करीब 4 से 5 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, क्वार्टर SECL के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी का है, जो पिछले करीब चार महीने से बिलासपुर में रह रहे हैं। मकान खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी में रखे सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।

अगली सुबह खुला चोरी का मामला

बताया जा रहा है कि क्वार्टर में साफ-सफाई करने वाली महिला का बेटा रूपेन्द्र पिछले 11 दिनों से वहां सो रहा था, लेकिन वारदात वाली रात वह क्वार्टर में मौजूद नहीं था। अगली सुबह जब महिला काम के लिए पहुंची, तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर अलमारी खुली हुई थी और कपड़े व अन्य सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई और पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मानिकपुर चौकी पुलिस ने चोरी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, संदिग्धों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags: