CG Crime : खमतराई में डीजल की अवैध खेप पकड़ी, 1,400 लीटर डीजल और टाटा इंट्रा जब्त
7 ड्रमों में छिपाकर ले जाया जा रहा था डीजल, दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
CG Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में खमतराई थाना पुलिस ने अवैध रूप से डीजल ले जा रहे एक वाहन पर कार्रवाई करते हुए करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद किया है। पुलिस ने मौके से डीजल से भरे 7 बड़े ड्रम और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा इंट्रा वाहन को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 6.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि भनपुरी की तरफ से खमतराई की ओर एक मेटाडोर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए वाहन की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान टाटा इंट्रा क्रमांक CG04UN/7617 के पीछे 7 लोहे के ड्रम मिले। पुलिस ने ड्रमों की जांच की तो प्रत्येक में करीब 200 लीटर डीजल भरा मिला। इस तरह कुल करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद किया गया।
पुलिस ने वाहन चालक की पहचान विजेन्द्र सिंह यादव (50) के रूप में की। पूछताछ में डीजल के परिवहन और कब्जे से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने डीजल और वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ खमतराई थाना में धारा 287 बीएनएस और धारा 3, 7 ईसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।