CG Crime : कांकेर। जिले में लौह खदान की तीन गाड़ियों में आग लगाने और घटनास्थल पर ‘लाल सलाम’ लिखा पर्चा छोड़ने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला लोहत्तर थाना क्षेत्र के चेमल के पास स्थित पुष्प ब्लॉक खदान का है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

खदान का विरोध बना वारदात की वजह

पुलिस के अनुसार, खदान में खड़ी तीन गाड़ियों को आग के हवाले करने के बाद घटनास्थल पर ‘लाल सलाम’ लिखा पर्चा छोड़ा गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने गांव के आसपास लौह खदान नहीं चाहते थे। इसी विरोध के चलते आगजनी की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।

पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य भूमिका की जांच

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहदेव तुलावी, प्रेम सिंह कोरेटी, ओम प्रकाश कचलाम, बृजलाल सलाम और शिवलाल तुलावी के रूप में हुई है। पुलिस ने सहदेव तुलावी को मामले का मुख्य आरोपी बताया है। आरोपी बोदेली और एडगुड गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

कई धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगजनी, संगठित अपराध, पहचान छिपाकर अपराध करने और जान से मारने की धमकी सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Tags: