CG Crime : दुर्ग। भिलाई में एक मकान के भीतर चल रहे कथित अवैध जुए के फड़ का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। छावनी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 कैंप में पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दबिश देकर 12 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। मौके से 3 लाख 16 हजार रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और ताश की पत्तियां बरामद की गई हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड 34 कैंप स्थित एक मकान में जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने एसीसीयू के साथ मिलकर मकान में दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 12 लोग जुआ खेलते हुए मिले, जिन्हें मौके से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।

लाखों की नकदी और मोबाइल जब्त

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,16,000 रुपये नकद और करीब 2 लाख रुपये कीमत के 12 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा जुए में इस्तेमाल की जा रही ताश की पत्तियां भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत छावनी थाने में अपराध दर्ज किया है।

12 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई में महेंद्र कुमार सोनकर, कलीम खान, जी शिवा शंकर राव, आशीष ताम्रकार, श्रीधर्मांझी, प्रेम प्रेमचंद, ऐन धन राजू, भगवत प्रसाद, सपन चंद्र डे, राजेंद्र कुमार कौशिक, दिनेश साओ और बलजिन्दर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Tags: