CG Crime : कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत चिल्फी बॉर्डर पर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एनएच-30 पर जांच के दौरान एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है।

ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया था गुप्त चेंबर

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को चिल्फी थाना क्षेत्र में एनएच-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच चल रही थी। इसी दौरान बोडला की तरफ से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। सामान्य जांच के दौरान कुछ संदिग्ध लगने पर पुलिस ने ट्रक की बारीकी से जांच की। तलाशी में ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर का पता चला। इसके अंदर गांजे के पैकेट खाकी टेप से लपेटकर छिपाए गए थे।

पंजाब का आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने बलजीत सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। गांजे के साथ करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की एएनटीएफ टीम अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम को मिला 25 हजार का इनाम

बड़ी कार्रवाई के लिए आईजी राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

Tags: