CG Crime : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जंगल के भीतर एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सीने और कंधे पर धारदार हथियार से हमले के तीन गहरे निशान मिले हैं। शुरुआती परिस्थितियां हत्या की आशंका जता रही हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, राजादेवरी थाना क्षेत्र की बया चौकी अंतर्गत मुरूमडीह और रायतुम गांव के बीच जंगल में ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।




 


मौके पर जांच के दौरान युवक का शव खून से लथपथ मिला। उसके सीने और कंधे के पास धारदार हथियार से किए गए हमले के तीन गहरे निशान पाए गए। इसके अलावा शरीर पर गोदना (टैटू) के निशान भी मिले हैं, जिनके आधार पर मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बया पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। 

Tags: