CG Crime : जगदलपुर। बस्तर के दशहरा मेले में अवैध शराब खपाने की तैयारी पर पुलिस ने पानी फेर दिया। कोड़ेनार थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मध्यप्रदेश की अंग्रेजी शराब की 75 पेटियां बरामद की हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5 लाख 6 हजार 250 रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम मावलीभाटा के जहाजभाटा पारा में अवैध शराब जमा किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में रखी 75 पेटी अंग्रेजी शराब मिली, जिसमें गोवा व्हिस्की की कुल 3,750 बोतलें शामिल थीं।

जांच में आरोपी की पहचान दुलगो कवासी के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि शराब को दशहरा मेले के दौरान बेचने के लिए जमा किया गया था। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सप्लाई नेटवर्क की तलाश जारी

पुलिस अब इस अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मध्यप्रदेश की शराब बस्तर तक कैसे पहुंची और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Tags: