CG Crime : रायगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ स्थित ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पर मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पांच दोस्तों ने बिरयानी खाने और नशे का सामान खरीदने के लिए रुपये लूटने की योजना बनाई थी। बस स्टैंड पर सो रहे एक व्यक्ति को लूटने के दौरान उसने विरोध किया, तो एक नाबालिग ने बटन चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मृतक की जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांटकर ले गए।

बस स्टैंड पर मिला था अज्ञात व्यक्ति का शव

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह जूटमिल थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष आंकी गई। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक बताया गया।

CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान घटना में 15 से 16 वर्ष के कुछ लड़कों की संलिप्तता के संकेत मिले। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों के हुलिए के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और एक 19 वर्षीय युवक समेत चार नाबालिगों को पकड़ा। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनके खुलासे के आधार पर हत्या की वजह और घटनाक्रम सामने आया।

नशे के आदी थे आरोपी, अकेले लोगों को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे के आदी थे और नशे का सामान खरीदने के लिए अक्सर कबाड़ चोरी करते थे। वे शराब के नशे में रहने वाले लोगों, बुजुर्गों और रात में रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पर अकेले आने-जाने वालों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे। घटना वाले दिन भी पांचों दोस्त नशे में थे। बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने के इरादे से उन्होंने बस स्टैंड पर सो रहे व्यक्ति को लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर एक नाबालिग ने बटन चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद मृतक की जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांट लिए।

चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त

पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार नाबालिगों को पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बटन चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

Tags: