CG Crime : 223 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, फर्जी नंबर प्लेट वाली क्रेटा समेत 3 गिरफ्तार
CG Crime : सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोंटा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 223.020 किलोग्राम अवैध गांजा, फर्जी नंबर प्लेट लगी एक क्रेटा कार, तीन मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 1,27,26,600 की संपत्ति जब्त की है। मामले में राजस्थान के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक क्रेटा कार में उड़ीसा के मलकानगिरी से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर मोटू पुल होते हुए कोंटा के रास्ते राजस्थान के भीलवाड़ा जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (IPS) के निर्देशन में थाना कोंटा पुलिस ने कृष्ण मंदिर चौक, ढोंढरा में नाकाबंदी की। सुबह करीब 9:30 बजे संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 110 पैकेटों में भरा 223.020 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 1.11 करोड़ से अधिक आंकी गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गा शंकर खारोल (19 वर्ष), मनीष खारोल (21 वर्ष) और रामदेव खारोल (23 वर्ष), निवासी भीलवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, नकद राशि और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार पर फर्जी नंबर प्लेट (OD-02-AX-7858) लगी थी, जबकि वाहन का वास्तविक पंजीयन RJ-02-CF-1159 है। इंजन और चेसिस नंबर के सत्यापन में इसकी पुष्टि हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा खरीदकर राजस्थान में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाते थे और पुलिस की नजर से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही गांजे के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की विस्तृत जांच जारी है।