CG Crime : दुर्ग। नकली सोने की पत्तियों को असली बताकर ज्वेलर्स से लाखों रुपये ऐंठने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पाटन थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स से 19 लाख 32 हजार रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने राजस्थान के अलवर निवासी गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पहले असली सोना देकर जीता भरोसा, फिर किया खेल

मामला 24 सितंबर 2026 का है। लक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक आनंद सोनी ने पुलिस को बताया कि ओमी सिंह और लाखन सिंह नाम के दो व्यक्ति दुकान पर पहुंचे थे। आरोपियों ने करीब 180 ग्राम वजन की 18 सोने की पत्तियां असली बताकर गिरवी रखीं और बदले में 15 लाख 93 हजार रुपये ले लिए। इसके अलावा आरोपियों ने करीब 3 लाख 39 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी उधार ले लिए। उन्होंने एक सप्ताह में ब्याज समेत पूरी रकम लौटाने का भरोसा दिलाया, लेकिन समय बीतने के बाद रकम नहीं लौटाई।

जांच में 90 फीसदी निकली दूसरी धातु

रकम वापस नहीं मिलने पर ज्वेलर्स को संदेह हुआ। गिरवी रखी गई सोने की पत्तियों की जांच कराई गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पत्तियों में करीब 10 प्रतिशत ही सोना, जबकि करीब 90 प्रतिशत दूसरी धातु मिली। इसके बाद पाटन थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले असली सोना गिरवी रखकर ज्वेलर्स का विश्वास जीता और बाद में नकली सोने की पत्तियां देकर बड़ी रकम हासिल की।

ट्रेन से भाग रहे थे आरोपी, RPF की मदद से पकड़े गए

पुलिस को अर्जुन्दा क्षेत्र में भी इसी तरीके से करीब 25 लाख रुपये की ठगी के प्रयास की जानकारी मिली। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की। फरार होने की कोशिश कर रहे दो महिलाओं और दो पुरुष आरोपियों को RPF नागपुर के सहयोग से ट्रेन से पकड़ा गया। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी पुलिस पहुंची।

नकली सोने की 23 पत्तियां बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 नकली सोने की पत्तियां, एक असली सोने की पत्ती, मोटरसाइकिल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल अन्य सामग्री बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी श्याम सिंह उर्फ लाखन नायक, गोविन्द नायक उर्फ गिरीराज, प्रहलाद नायक, अर्जुन नायक, राजबती नायक और मंजू नायक के रूप में हुई है। पुलिस गिरोह के अन्य मामलों और संभावित साथियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

Tags: