CG Accident : बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाड्रफनगर के बनारस रोड पर मजदूरों से भरी बस और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

दुद्धी से हैदराबाद जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार बस उत्तर प्रदेश के दुद्धी से मजदूरों को लेकर तेलंगाना के हैदराबाद जा रही थी। इसी दौरान वाड्रफनगर के पुराने नर्सरी के पास सामने से आ रही बोलेरो से बस की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के मोहली निवासी करीब 50 वर्षीय सहदेव पिता थुरच की मौत हो गई। वहीं बोलेरो में सवार कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। बस में सवार कुछ मजदूर भी हादसे में घायल हुए हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसा किस वजह से हुआ, इसका स्पष्ट कारण पुलिस जांच के बाद सामने आएगा।

Tags: