CG Accident : ट्रक और बोलेरो वाहन में हुई आमने-सामने भिड़ंत, फॉरेस्ट रेंजर की मौत, 8 घायल
CG Accident : गरियाबंद। जिले में बुधवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने वन विभाग को गहरा झटका दिया। देवभोग वन विभाग की शासकीय बोलेरो और एक तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर में वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) अश्वनी दास मुरचुलिया की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा ध्रुवागुड़ी और बुढघेलटप्पा के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि वन विभाग की बोलेरो में कुल 9 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों, प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा बल के जवानों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल देवभोग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया को सबसे गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।