CG Accident : कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं घायल हो गईं। हादसा पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप ने सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी।

जानकारी के मुताबिक, ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे। इसी दौरान सांवारावा के पास सामने से आए पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार कई लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद घायलों को तत्काल पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने फुलकुंवर (50), रामबाई (60) और फुलकुंवर (60) को मृत घोषित कर दिया। तीनों मृतक महिलाएं करहीपारा छिंदिया की रहने वाली थीं। वहीं छह घायल महिलाओं का अस्पताल में उपचार जारी है।

घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक और पिकअप वाहन की तलाश में जुटी है।

Tags: