CG Accident : बालोद सड़क हादसे में 6 की मौत, CM साय ने जताया शोक, घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
मरकाटोला घाट में धान से लदे ट्रक ने माजदा को मारी टक्कर, 7 घायल रायपुर रेफर; CM साय ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
CG Accident : रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट पर हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में घायल 7 लोगों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को मरकाटोला घाटी के पास डीजे से बंधी स्वराज माजदा सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार धान से लदे ट्रक ने माजदा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।
बताया जा रहा है कि माजदा में 13 लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपचार के दौरान चार अन्य ने दम तोड़ दिया। वहीं 7 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
ट्रक के नीचे दबा था एक व्यक्ति
हादसे के बाद पलटे ट्रक के नीचे भी एक व्यक्ति दब गया था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। हादसे के बाद ट्रक चालक के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
CM साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर और समुचित उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।