CG Crime : नौकरी के नाम पर 1.5 लाख की ठगी, पैसे मांगने पर रेप केस में फंसाने की धमकी, युवक की मौत के बाद मामा-मामी गिरफ्तार

Update: 2026-07-28 08:37 GMT

CG Crime : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी और मानसिक प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेलवे कैंटीन में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक युवक से ₹1.5 लाख लेने और पैसे वापस मांगने पर उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप उसके ही मामा और मामी पर लगा है। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मस्तूरी एसडीओपी डी.आर. धृतलहरे के मुताबिक, मामला थाना मस्तूरी के मर्ग क्रमांक 40/26 से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि हिर्री निवासी 22 वर्षीय राहुल साहू ने रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने के भरोसे अपने मामा इंद्र कुमार उर्फ भवानी वैष्णव और मामी अंबिका वैष्णव को 1.5 लाख दिए थे।

जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली तो राहुल ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर दोनों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और बार-बार रकम मांगने पर उसे झूठे दुष्कर्म (376) के मामले में फंसाने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार, लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना से राहुल तनाव में आ गया और उसने जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली। मामले की विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 108 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Tags:    

Similar News