भंडारा/रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो वैन ट्रक में बुरी तरह फंस गई। दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे (NH-53) पर पिंपलगांव सड़क के पास हुआ। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के रायपुर से कुछ लोग बोलेरो पिकअप वैन में सवार होकर नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक और वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद वाहन में फंसे लोग

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रक में फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। वाहन को ट्रक से बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई।

भंडारा के पुलिस अधीक्षक नुरुल हसन ने बताया कि पिंपलगांव सड़क के पास ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हुई है। तीन अन्य घायलों को सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

मौके पर ही 8 लोगों ने तोड़ा दम

हादसा इतना गंभीर था कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी में सभी मृतकों के छत्तीसगढ़ के रहने वाले होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। समाचार लिखे जानें तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी।

Tags: