बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के वाड्रफनगर में अरविंद ज्वेलर्स में हुई चोरी का बलरामपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपियों को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात को गलाकर तैयार की गई 14.175 किलो चांदी की सिल्ली बरामद की गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल वाहन, बाइक, सब्बल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

16-17 अगस्त की रात हुई थी बड़ी चोरी

पुलिस के मुताबिक, 16 और 17 अगस्त की दरमियानी रात वाड्रफनगर मार्केट स्थित अरविंद ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया गया था। आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर करीब 20 किलो चांदी के आभूषण, 50 ग्राम सोने के जेवरात और 18 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

CCTV और तकनीकी जांच से खुली गिरोह की कड़ी

बलरामपुर एसपी के निर्देश पर निरीक्षक जितेंद्र सोनी के नेतृत्व में साइबर सेल और थाना चलगली की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

दो दिन पहले वाड्रफनगर पहुंचकर की थी रेकी

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे 15 अगस्त को पिकअप वाहन BR 26 GC 3631 में बाइक लोड कर वाड्रफनगर पहुंचे थे। इसके बाद पंचवटी ढाबे के आसपास ठहरकर उन्होंने करीब दो दिनों तक इलाके और ज्वेलरी दुकान की रेकी की। मौका मिलने के बाद आरोपियों ने रात में दुकान का शटर तोड़कर चोरी की और वारदात के बाद बिहार की ओर फरार हो गए।

चोरी की चांदी सुनार को बेची, गलाकर बनाई सिल्ली

जांच में सामने आया कि चोरी किए गए चांदी के जेवरात को आरोपियों ने दिनारा के एक सुनार सुनील सोनी को कथित तौर पर 60 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेच दिया था। सुनार ने जेवरात को गलाकर चांदी की सिल्ली तैयार कर दी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से 14.175 किलो चांदी की सिल्ली बरामद की है।

वाहन और हथियार भी जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन, बाइक नंबर MH 15 KR 7977, सब्बल और मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जब्त किया है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस चोरी की पूरी वारदात और आरोपियों की भूमिका की कड़ियां जोड़ रही है।

अंतरराज्यीय गिरोह की जांच जारी

बलरामपुर पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 133/26 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों, चोरी के माल की पूरी बरामदगी और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Tags: