शेयर बाजार में गिरावट: सेंसेक्स 353 अंक टूटा, निफ्टी 22,699 पर बंद; रिलायंस और IT शेयरों में बिकवाली
कारोबार के दौरान 995 अंक तक गिरा सेंसेक्स
नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को गिरावट रही। बीएसई सेंसेक्स 352.64 अंक टूटकर 73,246.03 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 50.90 अंक गिरकर 22,698.85 के स्तर पर आ गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईटी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से बाजार पर दबाव रहा। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले को लेकर निवेशक सतर्क रहे।
कारोबार के दौरान 995 अंक तक गिरा सेंसेक्स
सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 995.1 अंक तक नीचे चला गया था। इसकी 30 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 3.46%, इंफोसिस 3.34%, टेक महिंद्रा 1.83% और टीसीएस 1.68% गिरे। भारती एयरटेल और टाटा स्टील के शेयरों में भी गिरावट रही।
कच्चा तेल 114 डॉलर के पार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.99% बढ़कर 114.5 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। मजबूत डॉलर और महंगे तेल के बीच रुपया भी 21 पैसे कमजोर होकर 95.28 प्रति डॉलर के अस्थायी स्तर पर बंद हुआ।
जियो प्लेटफॉर्म्स की शानदार शुरुआत
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर अपने 1,119 रुपए के निर्गम मूल्य से करीब 27% ऊपर बंद हुए। कंपनी का बाजार मूल्यांकन लगभग 13 लाख करोड़ रुपए रहा। इसके साथ वह रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद देश की दूसरी सबसे मूल्यवान घरेलू कंपनी बन गई।
L&T समेत इन शेयरों में तेजी
गिरावट के बीच लार्सन एंड टुब्रो के शेयर करीब 4% चढ़े। कंपनी ने सितंबर तिमाही में 5,202.10 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले साल से 32.5% अधिक है। ट्रेंट, एसबीआई और एक्सिस बैंक के शेयरों में भी तेजी रही। वहीं, सितंबर में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर अगस्त के 8% से घटकर 6.7% रह गई।