पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले में सामने आए एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मरंगा थाना क्षेत्र में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को नहर किनारे फेंक दिया गया। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे अपने साथ ले गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच के दौरान पुलिस को महिला के कटे हुए सिर के साथ उसकी करीब दो साल की बेटी का कंकाल भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात के पीछे प्रेम संबंध और शादी को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है।

नहर किनारे मिला था महिला का सिर कटा शव

पूरा मामला मरंगा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर चौक पुल के पास स्थित 3 नंबर नहर का है। स्थानीय लोगों ने नहर किनारे एक महिला का शव देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। एफएसएल और डीआईयू टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव की पहचान के लिए जांच शुरू की।

मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच में मृतका की पहचान पूजा देवी, पति पवन शर्मा के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने रहुआ मोगलानी निवासी मोहम्मद मोफिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम जानकारी दी, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ महिला का सिर

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि महिला अपने पति से अलग होकर आरोपी मोहम्मद मोफिल के साथ रह रही थी।

पुलिस का कहना है कि महिला आरोपी से शादी कर हमेशा साथ रहने की बात कह रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद आरोपी ने महिला की हत्या कर दी।

दो साल की बेटी की हत्या का भी आरोप

इस मामले में पुलिस को जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, महिला की करीब दो साल की बेटी अनुष्का की भी हत्या कर शव को छिपा दिया गया था।

आरोपी की निशानदेही पर बच्ची के शव का कंकाल बरामद किया गया है। वहीं, महिला की दूसरी बेटी को भी आरोपी ने कथित तौर पर छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।

हथियार की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को आरोपी ने कहीं फेंक दिया है। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल और अन्य स्थानों से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

ससुर की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

इस हत्याकांड को लेकर मृतका के 70 वर्षीय ससुर जलधर शर्मा की शिकायत पर मरंगा थाना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और पुलिस महिला की हत्या, बच्ची की मौत और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags: