Prashant Kishor: प्रशांत किशोर बने ‘माननीय’, विधानसभा में ली पद और गोपनीयता की शपथ, बोले- शिक्षा, सड़क और रोजगार पर करेंगे काम
इस जीत के साथ जन सुराज को विधानसभा में पहली बार प्रतिनिधित्व मिला।
Prashant Kishor: पटना: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा पहुंचकर विधायक पद और गोपनीयता की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। उपचुनाव में जीत के बाद 3 अगस्त को ही प्रशांत किशोर को जीत का प्रमाण पत्र मिल गया था।
बोले- मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी
शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा, “एक नया बांकीपुर बनाना है, जहां पर लोगों को अच्छी शिक्षा, अच्छी सड़कें और रोजगार मिल सके।” उन्होंने कहा कि जिस सदन के सदस्य श्री बाबू, अनुग्रह नारायण, कर्पूरी, नीतीश, लालू, रामविलास और सुशील मोदी रहे हैं, उसका सदस्य बनकर शपथ लेना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने इसे बड़ी जिम्मेदारी बताया।
भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली सीट जीती
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा को 19,324 वोटों से हराया था। उन्हें 64,151, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 44,827 वोट मिले। राजद की रेखा गुप्ता 14,273 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इस जीत के साथ जन सुराज को विधानसभा में पहली बार प्रतिनिधित्व मिला।
10 हजार युवाओं को रोजगार का दावा
प्रशांत किशोर ने हाल ही में बांकीपुर के 10 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने की घोषणा की थी। उन्होंने युवाओं से अपना बायोडाटा और सीवी जमा करने को कहा है। उनका दावा है कि अगले 1-2 साल में 10 हजार परिवारों के बच्चों को नौकरी दिलाने की व्यवस्था करने की कोशिश की जाएगी।