Bihar Accident : तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत, चालक फरार
बाइपास फोरलेन पर ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा, टक्कर के बाद बस छोड़कर मौके से भाग निकला चालक
Bihar Accident : भागलपुर। बिहार के भागलपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। बाइपास थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना बाइपास फोर लेन पर शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस चालक एक वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान अलीगंज बबरगंज निवासी 18 वर्षीय आशुतोष कुमार, सावन कुमार और 17 वर्षीय अंशु कुमार यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, तीनों बचपन के दोस्त थे और साथ पढ़ाई करते थे। शनिवार शाम वे बाइक से घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।
करीब पांच घंटे बाद बाइपास थाना पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी और मायागंज अस्पताल बुलाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों की मौत की पुष्टि की।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जो मौत की वजह बनीं। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।