Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Alka Yagnik Birthday: सुरों की मल्लिका का सफर, इस गाने से मिली पहचान,14 साल उम्र में मिला था पहला ब्रेक...

Alka Yagnik Birthday: सुरों की मल्लिका का सफर, इस गाने से मिली पहचान,14 साल उम्र में मिला था पहला ब्रेक...
X

Alka Yagnik Birthday: सुरों की मल्लिका का सफर, इस गाने से मिली पहचान,14 साल उम्र में मिला था पहला ब्रेक…

मुंबई: Alka Yagnik Birthday: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर अलका याग्निक आज अपना 59वां जन्मदिन मना रही हैं। 20 मार्च 1966 को कोलकाता में जन्मी अलका ने भारतीय संगीत जगत में अपनी मधुर आवाज से खास पहचान बनाई। छह साल की उम्र में आकाशवाणी पर गाना शुरू करने वाली अलका ने बहुत कम उम्र में वो मकाम हासिल किया, जिसे पाने का सपना हर गायक देखता है। आइए, जानते हैं उनके जीवन के अनछुए पहलुओं और सुनहरी सफलता की कहानी के बारे में।

संगीत की शुरुआत: मां से मिली प्रेरणा

अलका याग्निक के सुरों की दुनिया की शुरुआत घर से ही हुई। उनकी मां शुभा याग्निक शास्त्रीय संगीत में पारंगत थीं। उन्होंने अलका को संगीत की शुरुआती तालीम दी। महज छह साल की उम्र में अलका ने आकाशवाणी, कोलकाता के लिए गाना शुरू कर दिया था। जब वह 10 साल की हुईं, तो उनकी मां उन्हें लेकर मुंबई आ गईं, जहां से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई।

पहला ब्रेक: राज कपूर का बड़ा योगदान

अलका को पहला बड़ा ब्रेक अभिनेता-निर्देशक राज कपूर की वजह से मिला। कोलकाता के एक फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर ने राज कपूर को पत्र लिखकर अलका के हुनर के बारे में बताया। राज कपूर ने अलका की आवाज सुनी और उन्हें संगीतकार लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल से मिलवाया। इसके बाद 1980 में फिल्म पायल की झंकार’ में अलका को पहला गाना गाने का मौका मिला। इसके अगले साल 1981 में फिल्म लावारिस’ में उन्होंने ‘मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है गाना गाया, जो सुपरहिट साबित हुआ।

‘एक दो तीन’ से रातोंरात स्टार बनीं

हालांकि, अलका को असली पहचान 1988 में आई फिल्म ‘तेजाब’ के गाने ‘एक दो तीन’ से मिली। इस गाने ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया और उन्हें पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड भी दिलवाया। दिलचस्प बात यह है कि इस गाने की रिकॉर्डिंग के दिन अलका को तेज बुखार था, इसके बावजूद उन्होंने इसे गाया और यह गाना ऐतिहासिक बन गया।

रिकॉर्ड और उपलब्धियां

अलका याग्निक ने अब तक 25 भाषाओं में 22 हजार से अधिक गाने गाए हैं। बीबीसी के सदाबहार बॉलीवुड गीतों की टॉप 40 लिस्ट में उनके 20 गाने शामिल हैं।

  • उन्हें दो नेशनल अवॉर्ड मिल चुके हैं — फिल्म ‘हम हैं राही प्यार के’ के गाने ‘घूंघट की आड़ से’ और ‘कुछ कुछ होता है’ के टाइटल ट्रैक के लिए।
  • सात बार फिल्मफेयर अवॉर्ड अपने नाम कर चुकीं अलका को 2013 में भारतीय संगीत में योगदान के लिए लता मंगेशकर अवॉर्ड से नवाजा गया।
  • यूट्यूब के टॉप ग्लोबल आर्टिस्ट म्यूजिक चार्ट में अलका लगातार कई सालों से टॉप पर बनी हुई हैं। उनके गानों को हर हफ्ते 360 से 400 मिलियन व्यूज मिलते हैं और हर साल 18 बिलियन बार उनके गाने सुने जाते हैं।
  • 2022 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उन्हें दुनिया की सबसे ज्यादा सुनी जाने वाली गायिका घोषित किया।

Name registered in Guinness Book for the third consecutive year, Taylor  Swift and BTS band are not even around | 2022 में अलका याग्निक के गाने सबसे  ज्यादा सुने गए: लगातार तीसरे

निजी जीवन: लंबी दूरी का रिश्ता

अलका याग्निक की निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। साल 1989 में उन्होंने नीरज कपूर से शादी की, लेकिन उनका रिश्ता हमेशा लॉन्ग डिस्टेंस रहा। शादी के कुछ समय बाद नीरज ने मुंबई शिफ्ट होने की कोशिश की, लेकिन काम में नुकसान होने के कारण वह वापस शिलॉन्ग चले गए। इसके बाद पिछले 31 सालों से दोनों अलग-अलग रहते हैं, हालांकि उनके रिश्ते में प्यार और भरोसे की कोई कमी नहीं आई। दोनों की एक बेटी सायशा कपूर भी हैं।

सुनाई देना हुआ बंद, संगीत से दूरी

हाल ही में अलका याग्निक ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया कि उन्हें न्यूरो डिजीज हो गई है, जिसके कारण वह सुन नहीं पा रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैंस से दुआओं की अपील की और बताया कि इस मुश्किल वक्त में उन्हें उनके फैंस का साथ चाहिए।

90 के दशक के संगीत की कमी महसूस करती हैं अलका

अलका याग्निक ने हाल के दिनों में संगीत से दूरी बना ली है। उनका मानना है कि 90 के दशक में बनने वाले गीतों का कोई मुकाबला नहीं है। आज के गानों में वो बात नहीं रही, जो उस दौर के संगीत में थी। अलका याग्निक की आवाज ने तीन दशकों तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया है। उनके गाने आज भी संगीत प्रेमियों की प्लेलिस्ट में खास जगह रखते हैं। उनका सफर संघर्ष, सफलता और समर्पण की मिसाल है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019