Accident
Accident : जालोर। राजस्थान के जालोर जिले में जैसलमेर-जामनगर नेशनल हाईवे (NH-68) पर बुधवार दोपहर एक खौफनाक सड़क हादसा हुआ। इथेनॉल से लदा एक टैंकर सिनवारा ओवरब्रिज पर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि हाईवे पर करीब 200 मीटर तक का इलाका आग की लपटों में घिर गया। इस हादसे में टैंकर का ड्राइवर जिंदा जलकर मौत के मुंह में चला गया, जबकि उसके साथ बैठा चचेरा भाई किसी तरह कूदकर बच निकला।
Accident : ओवरब्रिज पर पलटा टैंकर, आग ने मचाया कहर
हादसा सिनवारा ओवरब्रिज के पास दोपहर करीब 2 बजे हुआ। गुजरात रजिस्ट्रेशन नंबर वाला टैंकर बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से टैंकर पलट गया और उसमें भरा इथेनॉल रिसने लगा। ओवरब्रिज की ढलान के कारण तरल पदार्थ नीचे बहा और आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि सड़क पर 200 मीटर तक का क्षेत्र जलने लगा। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की लपटें और काला धुआं हाईवे को ढकते दिख रहा है।
Accident : ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत, भाई बाल-बाल बचा
टैंकर में ड्राइवर सुखराम (34 वर्ष) और उसका चचेरा भाई नरसीराम (26 वर्ष) सवार थे। सुखराम बाड़मेर के गुड़ामालानी स्थित मोखावा गांव के रहने वाले देदाराम मेघवाल के बेटे थे। हादसे में सुखराम टैंकर के अंदर फंस गए और आग में जिंदा जलकर मौत हो गई। उनका शरीर पूरी तरह खाक हो गया। नरसीराम ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई और उन्हें सिनवारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नरसीराम ने बताया, “हम गुड़ामालानी से सवार हुए थे। सिनवारा के पास अचानक गाड़ी पलट गई और आग लग गई। मैं किसी तरह बाहर निकला, लेकिन सुखराम अंदर ही रह गए।”
Accident : टैंकर बठिंडा से कांडला जा रहा था
बाड़मेर के अथेथला निवासी बाबूराम मेघवाल (जो इसी कंपनी में काम करते हैं) ने बताया कि टैंकर मुरलीधर कंपनी जामनगर का था और पंजाब के बठिंडा से गुजरात के कांडला जा रहा था। इसमें इथेनॉल भरा हुआ था। बाबूराम ने यह भी बताया कि टैंकर में बठिंडा का एक और ड्राइवर था, लेकिन वह गुड़ामालानी में ही उतर गया था।
Accident : चश्मदीद ने बताया खौफनाक मंजर
चश्मदीद जीवराम मेघवाल ने कहा कि उनका खेत हादसे वाली जगह के ठीक पास है। उन्हें टायर फटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। जब देखा तो टैंकर संतुलन खोकर सर्विस रोड की ओर पलट गया और पिछला हिस्सा डिवाइडर से टकराया। इथेनॉल रिसने लगा और आग भड़क उठी। आग आधे घंटे बाद दमकल पहुंची। सांचौर से दमकल गाड़ी पहुंची और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बाद में गुड़ामालानी की एक निजी कंपनी की दमकल भी पहुंची।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


