CG Weather News: Monsoon weakens, humidity rises in Chhattisgarh; possibility of heavy rain again starting today.
CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिससे प्रदेश के मध्य हिस्सों में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में रविवार को बारिश नहीं होने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग ने 13 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर तेज होने की संभावना जताई है।
CG Weather News : मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं रायपुर में सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि पेंड्रा रोड सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
CG Weather News : मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका वर्तमान में श्रीगंगानगर, हिसार, मेरठ, शाहजहांपुर, गोरखपुर और मुजफ्फरपुर होते हुए दक्षिण असम तक सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के भीतर बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

