CG News : बीजेपी प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति बैठक शुरू, संगठन मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर हुई मंथन
CG News : रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी के सभी प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति बैठक शुरू हो गई है। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और पदाधिकारी शामिल हुए हैं।
बैठक में संगठन को और मजबूत करने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की जा रही है।
CG News : प्रकोष्ठों के कामकाज की होगी समीक्षा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के अलग-अलग प्रकोष्ठों के अब तक के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही आने वाले समय में चलाए जाने वाले अभियानों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में प्रकोष्ठों को समाज के विभिन्न वर्गों तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से पहुंचाने की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है।
CG News : सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर जोर
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर भी पदाधिकारियों को जानकारी दी जाएगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव संगठन की प्राथमिकताओं और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।
भाजपा नेतृत्व का फोकस सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ प्रकोष्ठों की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर है।
CG News : विधानसभा सत्र से पहले अहम मानी जा रही बैठक
यह बैठक ऐसे समय आयोजित हो रही है, जब 13 जुलाई से छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है। इसके अलावा पार्टी आने वाले महीनों में कई संगठनात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रमों की तैयारी में जुटी है।
बैठक में विभिन्न प्रकोष्ठों से फीडबैक लिया जा रहा है और उनके सुझावों पर भी चर्चा की जा रही है, ताकि आगामी कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सके। बीजेपी इस बैठक के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत करने की रणनीति तैयार कर रही है।

