TMC : टीएमसी और ममता को बड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने सभी पदों से दिया इस्तीफा
TMC: कोलकाता : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने सभी पदों से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। उन्होंने अपने फैसले की जानकारी पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को पत्र लिखकर दी। चंद्रिमा को टीएमसी की वरिष्ठ और भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है।
हाल ही में मिली थी बड़ी जिम्मेदारी
चंद्रिमा भट्टाचार्य को 3 जून 2026 को टीएमसी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। उन्हें सुब्रत बक्शी की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी ने संगठन में बड़े बदलाव करते हुए कई नई नियुक्तियां की थीं।
चुनाव आयोग से भी हटाया अपना नाम
अपने इस्तीफे में चंद्रिमा ने कहा कि वह पार्टी और उससे जुड़े संगठनों के बैंक खातों की अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता की जिम्मेदारी भी छोड़ रही हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब वह चुनाव आयोग के सामने ममता बनर्जी की अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में भी काम नहीं करेंगी। हालांकि, उन्होंने पत्र में ममता बनर्जी के प्रति सम्मान और आभार भी व्यक्त किया।
चुनाव में मिली थी हार
चंद्रिमा भट्टाचार्य 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दमदम उत्तर सीट से चुनाव हार गई थीं। राज्य में टीएमसी का प्रदर्शन भी उम्मीद से कमजोर रहा। इसी बीच उनके इस्तीफे को पार्टी के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।

