Bhiwadi Workers Protest
Bhiwadi Workers Protest: जयपुर: राजस्थान के भिवाड़ी के चौपानकी क्षेत्र स्थित पथरेड़ी औद्योगिक इलाके में सोमवार को वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन उग्र हो गया। सुप्राजीत इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के बाहर हजारों श्रमिक इकट्ठा होकर अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, जब कुछ श्रमिकों को हिरासत में लेने की कोशिश की गई, तो बड़ी संख्या में महिला श्रमिक सामने आ गईं और विरोध शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें कम वेतन दिया जा रहा है और महंगाई के दौर में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि हरियाणा में वेतन बढ़ाया गया है, लेकिन राजस्थान में ऐसा नहीं किया गया। महिला श्रमिकों ने पुलिस पर लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार के आरोप भी लगाए हैं। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए सड़क जाम जैसी स्थिति भी बनी। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने किसी भी तरह के अत्यधिक बल प्रयोग से इनकार किया है। बाद में प्रशासन की मौजूदगी में श्रमिकों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच वार्ता हुई।
श्रमिकों ने वेतन वृद्धि, मेडिकल अलाउंस, गेट पास की सुविधा और परिवहन व्यवस्था जैसी मांगें रखीं। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार वेतन बढ़ोतरी और अन्य मांगों पर विचार किया जाएगा। लंबी बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हुई और श्रमिक काम पर लौट गए। प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही इस विवाद का स्थायी समाधान निकल जाएगा।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


