CG News: किसानों को कानूनी सुरक्षा देने के लिए नए कृषि कानून जल्द : शिवराज सिंह चौहान, संसद में लाया जाएगा प्रस्ताव
CG News: रायपुर/दुर्ग। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को दुर्ग जिला में आयोजित किसान मेला में शाामिल हुए। इय दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों को कानूनी सुरक्षा देने के लिए केंद्र सरकार जल्द ही संसद में नए कृषि कानून लाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नकली बीज, खाद और कीटनाशक बेचकर किसानों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
CG News: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसान की मेहनत, उसकी फसल और उसके भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चौहान ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व नकली खाद और बीज के जरिए किसानों की फसलें बर्बाद कर रहे हैं, जो केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि किसान के साथ धोखा भी है। ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
CG News: केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छोटे किसानों के खातों में सीधे सहायता राशि भेजी जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को सुरक्षा प्रदान कर रही है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती, सूक्ष्म सिंचाई और जल संरक्षण से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि डिजिटल कृषि मिशन और ड्रोन तकनीक से फसलों की निगरानी, कीटनाशकों का छिड़काव आसान हुआ है और खेती की लागत भी कम हो रही है।
CG News: खेतों में उतर कर किसानों से संवाद
अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री ने गिरहोला और खपरी गांव का दौरा किया। उन्होंने खेतों की मेड़ पर जाकर किसानों से बातचीत की और फसल चक्र, बागवानी, सिंचाई, बीज उत्पादन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी ली। गिरहोला गांव में उन्होंने आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। खपरी स्थित अनिल कृषि फार्म में किसान चौपाल कार्यक्रम के दौरान चौहान ने सफल किसानों को बधाई दी।
CG News: उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान पारंपरिक खेती के साथ नई तकनीकों को अपना रहे हैं, जो पूरे देश के लिए प्रेरणा है। पेड़ लगाना न सिर्फ पर्यावरण के लिए जरूरी है, बल्कि इससे किसानों को लंबे समय में अतिरिक्त आय भी मिलती है। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के कृषिमंत्री रामविचार नेताम और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी मौजूद थे।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


