CG News : सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में चल रहे ‘पूना मार्गेम’ (पुनर्वास से पुनर्जीवन) अभियान ने माओवादी संगठन की जड़ों को एक और करारा झटका दिया है। अभियान से प्रभावित होकर 7 महिला कैडर समेत कुल 26 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। ये नक्सली PLGA बटालियन, दक्षिण बस्तर, माड़ डिवीजन और आंध्र–ओडिशा बॉर्डर (AOB) क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं, जिन पर कुल 64 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
CG News : आत्मसमर्पण करने वालों में CYPCM, DVCM, PPCM, ACM जैसे वरिष्ठ कैडर के साथ बड़ी संख्या में पार्टी सदस्य शामिल हैं, जो सुकमा, माड़ क्षेत्र और सीमावर्ती ओडिशा में हुई कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, लगातार दबाव, विकास कार्यों की गति और सरकार की पुनर्वास नीति ने इन नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया है।
CG News : ‘पूना मार्गेम’ अभियान भटके हुए युवाओं के लिए भरोसे का सेतु बनकर उभरा है, जिसके तहत आत्मसमर्पण करने वालों को आर्थिक सहायता, सुरक्षा, आवास, शिक्षा और रोजगार जैसी सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। सुकमा एसपी किरण चह्वाण ने शेष माओवादियों से हिंसा छोड़कर शांति और विकास का रास्ता अपनाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार आत्मसमर्पण करने वालों के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


