CG News : रायपुर। गणतंत्र दिवस समारोह में इस वर्ष नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की झांकी खास आकर्षण का केंद्र बनेगी। रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति ने गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए छत्तीसगढ़ की झांकी का चयन किया है, जिसमें जनजातीय वीर नायकों को समर्पित देश के पहले डिजिटल संग्रहालय की झलक दिखाई जाएगी।
CG News : यह डिजिटल संग्रहालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर में लोकार्पित किया गया था। झांकी के चयन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की झांकी के माध्यम से आदिवासी समाज की देशभक्ति, अद्वितीय वीरता और अपने सिद्धांतों के लिए प्राण न्योछावर करने की परंपरा पूरे देश के सामने आएगी। उन्होंने इसे राज्य के लिए गर्व और उत्साह का विषय बताया।
CG News : जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव ने जानकारी दी कि सभी राज्यों से प्राप्त प्रस्तावों में से चार महीने की लंबी चयन प्रक्रिया के बाद 17 राज्यों की झांकियों को अंतिम रूप से चुना गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है। विशेषज्ञ समिति ने झांकी की विषयवस्तु और डिजाइन की विशेष रूप से सराहना करते हुए इसे अंतिम स्वीकृति प्रदान की।
CG News : जनसंपर्क आयुक्त रवि मित्तल ने बताया कि छत्तीसगढ़ की झांकी भारत सरकार की थीम “स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम्” पर आधारित है। इसमें उन जनजातीय वीर नायकों के बलिदान को दर्शाया गया है, जिनके सम्मान में देश का पहला डिजिटल संग्रहालय स्थापित किया गया है। यह संग्रहालय जनजातीय विद्रोहों की वीरता, एकजुटता और स्वतंत्रता के प्रति समर्पण को नई पीढ़ी तक रोचक और प्रेरक तरीके से पहुंचाने का माध्यम है।
CG News : अधिकारियों के अनुसार झांकी की थीम और डिजाइन जनसंपर्क आयुक्त के मार्गदर्शन में तैयार की गई, जिसे पांच चरणों की कठिन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। विशेषज्ञ समिति के समक्ष पहले थीम और डिजाइन, फिर थ्रीडी मॉडल और अंत में संगीत के चयन के बाद झांकी को अंतिम मंजूरी मिली। गणतंत्र दिवस पर छत्तीसगढ़ की यह प्रस्तुति देशभर में आदिवासी गौरव और वीरता का संदेश देगी।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


