MP News
MP News: भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह 15 अगस्त को लाल परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बुधवार को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना की मौजूदगी में लाल परेड ग्राउंड पर फुल ड्रेस परेड और फाइनल रिहर्सल का आयोजन किया गया।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक चंचल शेखर, पुलिस आयुक्त भोपाल हरिनारायणचारी मिश्रा, डिप्टी कमिश्नर भोपाल किरण गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने समारोह की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
फुल ड्रेस परेड के फाइनल अभ्यास में सहायक उप निरीक्षक हीरालाल यादव ने प्रतीक स्वरूप मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने ध्वजारोहण, राष्ट्रीय धुन और परेड द्वारा सलामी के बाद परेड का निरीक्षण किया और संदेश का वाचन किया। इसके बाद परेड का विसर्जन हुआ।
MP News: 18 टुकड़ियों ने लिया परेड में हिस्सा
परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के सहायक पुलिस आयुक्त आदित्य पटले ने किया, जबकि सहायक परेड कमांडर की भूमिका सहायक पुलिस आयुक्त दिव्या झारिया ने निभाई। संयुक्त अभ्यास परेड में पुलिस बैंड सहित कुल 18 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें गुजरात पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, महिला विशेष सशस्त्र बल, जिला बल, हॉक फोर्स, एसटीएफ, जेल विभाग (महिला), शासकीय रेल पुलिस, नगर सेना (होमगार्ड), एनसीसी (सीनियर विंग, एयर विंग, नेवल विंग – बॉयज और गर्ल्स), गाइड गर्ल्स, स्काउट्स बॉयज, शौर्य दल, पुलिस बैंड और अश्वरोही दल शामिल थे।
MP News: पदक अलंकरण का अभ्यास
संदेश वाचन के बाद 65 अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रपति पदक अलंकरण प्राप्त करने का अभ्यास किया। परेड कमांडर और सभी प्लाटून कमांडरों ने मुख्य अतिथि को अपना परिचय देने का अभ्यास भी किया। इस दौरान स्टेडियम में नागरिकों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।
MP News: सुरक्षा के कड़े इंतजाम,ड्रोन कैमरों से निगरानी
भोपाल पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर बैरिकेटिंग के साथ चेकिंग की जा रही है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर के माध्यम से जांच की जा रही है। मुख्य आयोजन स्थल लाल परेड ग्राउंड पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में होटल, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउस में ठहरने वाले लोगों की जानकारी और चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


