India-Pakistan tensions: संयुक्त राष्ट्र। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) आज, सोमवार को बंद कमरे में एक आपातकालीन बैठक आयोजित करेगी। यह बैठक पाकिस्तान की मांग पर बुलाई गई है, जो वर्तमान में 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य है। मई 2025 के लिए परिषद की अध्यक्षता यूनान कर रहा है।
India-Pakistan tensions: पाकिस्तान ने भारत के साथ तनावपूर्ण स्थिति, खासकर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद उत्पन्न हालात पर चर्चा के लिए “बंद कमरे में परामर्श” का अनुरोध किया था। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिसके बाद भारत ने पाकिस्तान पर हमले के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया और कई कड़े कदम उठाए, जिनमें 1960 के सिंधु जल संधि को निलंबित करना, अटारी एकीकृत जांच चौकी के माध्यम से सीमा पार व्यापार को रोकना और पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सार्क वीजा छूट योजना को रद्द करना शामिल है।
India-Pakistan tensions: सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष, यूनान के राजदूत और संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि इवेंजेलोस सेकेरिस ने पिछले सप्ताह कहा था, “अगर भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिति पर चर्चा के लिए बैठक का अनुरोध आता है, तो मुझे लगता है कि यह बैठक होनी चाहिए। यह विचार व्यक्त करने का अवसर हो सकता है और इससे तनाव कम करने में मदद मिल सकती है।” उन्होंने आगे कहा, “हम भारत और पाकिस्तान के साथ निकट संपर्क में हैं। यह कुछ ऐसा है जो जल्द हो सकता है। हम इसके लिए तैयारी कर रहे हैं।

