CG News
CG News : बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम हिंडाडीह मौहार पारा में एक दुखद घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। 10 वर्षीय मासूम बच्ची सुनीता धनुहार की खेत में फैले बिजली के करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खेत मालिक कमलेश रोहिदास को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
CG News : बता दें कि मृतिका सुनीता धनुहार अपने दो दोस्तों के साथ गांव के सखवा नाले की ओर जा रही थी। रास्ते में वह एक धान के खेत के मेड़ से गुजर रही थी, जहां खेत मालिक ने फसल की सुरक्षा के लिए जीआई तार में बिजली प्रवाहित कर रखी थी। सुनीता अनजाने में इस तार के संपर्क में आ गई, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह तुरंत बेहोश होकर गिर पड़ी। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तत्काल सुनीता को सीपत स्वास्थ्य केंद्र ले जाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CG News : घटना की सूचना मिलते ही सीपत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि खेत मालिक कमलेश रोहिदास ने जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए खेत के मेड़ में जीआई तार बिछाकर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित किया था। इस लापरवाही के कारण मासूम की जान चली गई। पुलिस ने कमलेश को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ भारतीय नवीन संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

