Naxalite Surrender : 24 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 28.50 लाख के इनामी भी शामिल...
Naxalite Surrender : बीजापुर। जिले में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे सबसे बड़े ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को एक ऐतिहासिक सफलता मिली है। कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में सात दिनों से जारी अभियान के दौरान 24 नक्सलियों ने पुलिस और सीआरपीएफ के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इन नक्सलियों में से 14 पर कुल 28.50 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली फायरिंग, आईईडी विस्फोट, आगजनी जैसी हिंसक घटनाओं में शामिल रहे हैं।
Naxalite Surrender : बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि ये नक्सली माओवादी विचारधारा की खोखली और अमानवीय प्रकृति, आदिवासियों के शोषण और संगठन के भीतर बढ़ते मतभेदों से तंग आकर आत्मसमर्पण करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ‘नियद नेल्लानार’ (आपका सुंदर गांव) योजना और नई पुनर्वास नीति ने इन नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया है। इस योजना के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
Naxalite Surrender : आत्मसमर्पण समारोह में सीआरपीएफ के डीआईजी देवेंद्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल और उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू उपस्थित रहे। सभी 24 नक्सलियों को तुरंत 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति के तहत इन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर और सामाजिक एकीकरण के लिए मदद दी जाएगी।
